सुल्तानपुर में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन…

एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला में उत्कृष्ट टीम व जनप्रतिनिधियों का किया गया सम्मान:-

सुल्तानपुर: जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यालयों के संचालन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से समस्त ग्राम प्रधानों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, प्रधानाध्यापकों एवं अध्यापकों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यशाला में विद्यालय प्रबंधन, बच्चों की उपस्थिति, मिड-डे मील व्यवस्था तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही प्रधानों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज के विकास की नींव है, और इसमें ग्राम प्रधान व प्रधानाध्यापक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी को जिम्मेदारीपूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित भी किया गया। कादीपुर की कंपोजिट विद्यालय टीम, जिसने गोरखपुर की टीम को हराकर उपलब्धि हासिल की, को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में तहसीलदार मयंक मिश्रा भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों के बीच तालमेल मजबूत होता है। इसके अलावा विधायक प्रतिनिधि गुड्डू उपाध्याय, रत्नेश तिवारी, पन्नालाल यादव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं सम्मानित होने वाले प्रधानों में जीत बहादुर सिंह, कमलेश वर्मा, वीरेंद्र प्रताप दुबे आंगनबाड़ी की महिलाएंआदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

रिपोर्टर – अनिल जायसवाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD