सोनभद्र में श्रीराम शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने किया पुष्प वर्षा…

रामनवमी पर रॉबर्ट्सगंज में निकली भव्य श्रीराम शोभायात्रा, श्रद्धा और उल्लास का दिखा अद्भुत संगम:-

सोनभद्र: जनपद मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज नगर में चैत्र रामनवमी के पावन अवसर पर प्राचीन राम मंदिर से भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी यह धार्मिक आयोजन बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ, जिसमें नगरवासियों का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा प्राचीन राम मंदिर से प्रारंभ होकर शीतला मंदिर चौक, स्वर्ण जयंती चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पूरे शहर में भ्रमण करती रही। यात्रा के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की सजीव झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और भजन-कीर्तन व जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।

श्रीराम की शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाबः-

इस भव्य आयोजन की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी महामंत्री प्रमोद गुप्ता के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे की गरिमामयी उपस्थिति रही। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में सनातन धर्म के अनुयायियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत जिले के पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। रॉबर्ट्सगंज नगर में श्रीराम की यह शोभायात्रा एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के रूप में अपनी विशेष पहचान रखती है, जो हर वर्ष श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता का संदेश देती है।

रिपोर्टर – नन्दगोपाल पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD