तुलसीपुर में लेजर लाइट शो ने दिखाया अद्भुत नजारा, रामायण की गाथा को किया प्रस्तुतः-

बलरामपुरः तुलसीपुर में पहली बार आयोजित श्री देवीपाटन शक्तिपीठ में ऐतिहासिक प्रथम भव्य दीपोत्सव एवं लेजर लाइट शो ने लोगों का मंत्रमुग्ध कर दिया। श्री राम नवमी के पावन अवसर पर श्री देवीपाटन शक्तिपीठ में आयोजित ऐतिहासिक प्रथम भव्य दीपोत्सव एवं लेजर लाइट शो अत्यंत भव्यता एवं दिव्यता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अलौकिक आयोजन ने जनपदवासियों एवं दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को भक्ति, आस्था और आधुनिक तकनीक के अद्भुत संगम का अनुपम अनुभव प्रदान किया।
15,000 दीपों से जगमगाया सूर्य कुण्डः-
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रज्वलित लगभग 15,000 दीपों से सूर्य कुण्ड क्षेत्र आलोकित हो उठा। दीपों की जगमगाहट ने सम्पूर्ण वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
भव्य संध्या आरती में उमड़ा जनसैलाबः-

दीपोत्सव के पश्चात मां पाटेश्वरी के सानिध्य में आयोजित भव्य संध्या आरती में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण एवं “जय माता दी” के जयकारों से गूंजता रहा।
लेजर लाइट शो रहा मुख्य आकर्षणः-

आधुनिक तकनीक पर आधारित लेजर लाइट शो ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। लगभग 30 मिनट के इस भव्य शो में रामायण की गाथा, ऊर्जस्वित शिव तांडव एवं म्यूजिकल प्रस्तुति का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रिपोर्टर – सुशील श्रीवास्तव
