कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना, 1 से 30 अप्रैल तक चलेगा अभियान:-

श्रावस्ती: 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत हो गई है। कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को संचारी रोगों से बचाव की शपथ दिलाई गई। मा0 विधायक रामफेरन पाण्डेय ने कहा कि सरकार जन-जन को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिबद्ध है और स्वच्छता ही बीमारियों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
डेंगू, फाइलेरिया, दिमागी बुखार और टीबी जैसे रोगों की रोकथाम पर होगा फोकस:-

जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने बताया कि अभियान के तहत डेंगू, फाइलेरिया, दिमागी बुखार और टीबी जैसे रोगों की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 10 से 30 अप्रैल तक “दस्तक अभियान” के तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी।

इस दौरान साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, जलभराव रोकने और मच्छरों से बचाव के बारे में जानकारी दी जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान में स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायतीराज, शिक्षा और अन्य कई विभाग मिलकर काम कर रहे हैं ताकि जिले को संचारी रोगों से सुरक्षित बनाया जा सके।
प्रशासन की अपील:-

फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बुखार या बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में इलाज कराएं और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
रिपोर्टर – सतीश दुबे
