जम्मू में दर्दनाक हादसा: उधमपुर में बस खाई में गिरी, 15 की मौत…

उधमपुर में भीषण बस हादसा: 100 फीट खाई में गिरी बस, 15 की मौत; कई घायल:-

जम्मू: उधमपुर में सोमवार सुबह एक भीषण बस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

रामनगर से आ रही थी बस, कगोट में हुआ हादसा:-

हादसा कगोट इलाके में जालो के पास हुआ। रामनगर से आ रही पब्लिक ट्रांसपोर्ट की बस अनियंत्रित होकर सड़क से 100 फीट नीचे गिरकर पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए उधमपुर भेजा जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने दी जानकारी:-

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि हादसे का शिकार हुई बस पब्लिक ट्रांसपोर्ट की थी। बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया है। भारी जान-माल के नुकसान की आशंका है। उन्होंने कहा कि घायलों को हर संभव मदद मुहैया कराई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट किया जाएगा। प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है।

रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD