तीन हफ्ते में ही कुर्सी गई: करप्शन के आरोपों में घिरे नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरुंग का इस्तीफा:-

नेपाल: प्रधानमंत्री बालेन शाह की सरकार से जनता के असंतोष के बीच बड़ी सियासी हलचल हुई है। नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरुंग ने पद से इस्तीफा दे दिया है।
क्या हैं आरोप:-
गुरुंग पर आय से अधिक संपत्ति से लेकर मनी लॉन्ड्रिंग तक कई गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर विवादित कारोबारी से जुड़ी कंपनियों के शेयर खरीदने के भी आरोप हैं। लगातार बढ़ते दबाव के बाद गुरुंग ने अपना इस्तीफा पीएम बालेन शाह को सौंप दिया। उन्होंने इस्तीफे की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए सार्वजनिक की।
21 दिन में ही विवादों में घिरे:-
बता दें कि नेपाल के पीएम बालेन शाह ने शपथ लेते ही उसी दिन मंत्रिपरिषद का गठन किया था और सुदन गुरुंग को गृहमंत्री नियुक्त किया था। पद संभालते ही कई उच्च अधिकारियों की गिरफ्तारी कर चर्चा में आए गुरुंग पिछले कुछ दिनों से लगातार आलोचनाओं के केंद्र में थे।
बालेन सरकार को झटका:-
क्रांति के रास्ते राजनीति में आए सुदन गुरुंग का महज तीन हफ्ते में ही करप्शन के आरोपों के चलते पद छोड़ना पीएम बालेन शाह की सरकार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे सरकार की छवि पर भी सवाल उठ रहे हैं।
रिपोर्टर – अनिल कुमार चौधरी
