जैसलमेर: आकांक्षी ब्लॉक योजना की समीक्षा बैठक….

शिक्षा पर जोर: जैसलमेर में बालिका शौचालय, पेयजल और स्मार्ट क्लासरूम को लेकर कलेक्टर सख्त:-

राजस्थान: जैसलमेर में नीति आयोग, भारत सरकार के आकांक्षी जिला/ब्लॉक कार्यक्रम की तर्ज पर राज्य सरकार द्वारा संचालित गुरु गोलवलकर आकांक्षी ब्लॉक विकास योजना की समीक्षा बैठक बुधवार को जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में तीन माह में प्रमुख संकेतकों को संतृप्त करने के उद्देश्य से संचालित संपूर्णता अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिले की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार:-

बैठक के दौरान बताया गया कि एस्पिरेशनल डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम (ADP) के तहत जिले की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है एवं जिले ने सराहनीय प्रगति दर्ज की है।

नामांकन बढ़ाने पर जोर:-

मुख्य आयोजना अधिकारी ने जानकारी दी कि गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष विद्यार्थियों का नामांकन कम रहा है। इस पर जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि प्रवेश उत्सव आयोजित कर तथा घर-घर संपर्क अभियान चलाकर अभिभावकों को जागरूक किया जाए एवं नामांकन में वृद्धि सुनिश्चित की जाए।

बालिका शौचालय और मूलभूत सुविधाएं:-

जिला कलक्टर ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालय की समुचित एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने अवगत कराया कि जिन विद्यालयों में बालिका शौचालय नहीं हैं, उनकी सूची शीघ्र ही जिला प्रशासन को प्रेषित की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार अन्य योजनाओं एवं भामाशाह सहयोग से शौचालय निर्माण कराया जाएगा।

साथ ही सभी आंगनवाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक संस्थान का भौतिक निरीक्षण कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। जिन शौचालयों में मरम्मत की आवश्यकता है, उन्हें पंचायत स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से शीघ्र दुरुस्त करने के लिए कहा गया।

UDISE+ पोर्टल पर डेटा अनिवार्य:-

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों का डेटा समय पर यू-डाईस प्लस (UDISE+) पोर्टल पर अपलोड किया जाए एवं अपलोड से पूर्व डेटा का पूर्ण सत्यापन किया जाए। किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। निजी विद्यालयों को भी UDISE+ पोर्टल पर अपना डेटा नियमित रूप से अपलोड करने के लिए निर्देशित किया गया।

स्मार्ट क्लासरूम के लिए प्रस्ताव:-

जिला कलक्टर जोरवाल ने सीडीओ को निर्देशित किया कि जिले के विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम स्थापित करने के लिए परीक्षण कर औचित्यपूर्ण प्रस्ताव तैयार कर राज्य स्तर पर भेजे जाएं। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी अन्य योजना के अंतर्गत ऐसे प्रस्ताव लंबित न हों, ताकि संसाधनों का प्रभावी एवं समन्वित उपयोग सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रश्मि रानी, उपखंड अधिकारी फतेहगढ़ भरतराम गुर्जर, मुख्य आयोजना अधिकारी सोमेश्वर देवड़ा, शिक्षा विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी सहित सभी ब्लॉकों के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – चंद्र प्रकाश पुरोहित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD