सुलतानपुर: बम हमला मामले में कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता…

कोतवाली देहात पुलिस का बड़ा एक्शन: बम हमले का आरोपी जय विजय उर्फ विकास सिंह पखरौली नहर पुलिया से गिरफ्तार:-

सुलतानपुर: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ से हमला करने के मामले में नामजद अभियुक्त जय विजय सिंह उर्फ विकास सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया है।

पखरौली नहर पुलिया से हुई गिरफ्तारी:-

पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी लम्भुआ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को ग्राम पखरौली नहर पुलिया भट्टे के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह, उपनिरीक्षक मोहम्मद सादिक खाँ सहित पुलिस बल शामिल रहा।

लेगगार्ड से टकराकर फटा था बम:-

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने एक व्यक्ति पर बम से हमला किया था। विस्फोटक पदार्थ मोटरसाइकिल के लेगगार्ड से टकराकर फट गया था। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे:-

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त जय विजय सिंह उर्फ विकास सिंह के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है। वहीं बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा।पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD