गंज बासौदा: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में टॉप रैंकिंग का लक्ष्य…

स्वच्छता पर एक्शन मोड में गंज बासौदा नपा: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के लिए बना मेगा प्लान, अध्यक्ष बोलीं- कोताही बर्दाश्त नहीं:-

मध्य प्रदेश: गंज बासौदा में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 को लेकर नगर पालिका अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। शहर को स्वच्छता रैंकिंग में शीर्ष स्थान दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद में रणनीतिक बैठक कर ठोस कार्ययोजना तैयार की गई।

नपा अध्यक्ष ने दिए सख्त निर्देश:-

बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष शशि अनिल यादव ने की। बैठक में सीएमओ रवि प्रकाश श्रीवास्तव और सभापति प्रतिनिधि ऋचा संजय भावसार भी मौजूद रहे। इस दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण के विभिन्न मापदंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर वार्ड में योजनाबद्ध तरीके से सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

डोर-टू-डोर कलेक्शन और जनजागरूकता पर फोकस:-

बैठक में सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, डोर-टू-डोर कलेक्शन और जनजागरूकता जैसे अहम बिंदुओं पर फोकस किया गया। स्वास्थ्य अधिकारी धीरज मीना, अभिषेक श्रीवास्तव, इंजीनियर मोहिनी कोरी सहित सभी दरोगा और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सीएमओ बोले- जनसहभागिता के बिना अभियान अधूरा:-

सीएमओ रवि प्रकाश श्रीवास्तव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने और तय समयसीमा में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के बिना स्वच्छता अभियान सफल नहीं हो सकता, इसलिए आम नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ना जरूरी है।

हर वार्ड की होगी नियमित मॉनिटरिंग:-

बैठक में तय किया गया कि सभी वार्डों में नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और कार्यों की लगातार समीक्षा होगी, ताकि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में शहर बेहतर प्रदर्शन कर सके। नगर पालिका ने साफ संकेत दे दिए हैं कि इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी और शहर को टॉप पर लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

रिपोर्टर – देवेंद्र रघुवंशी

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD