नॉलेज पार्क में सनसनी: निर्माणाधीन हॉस्टल में मेरठ के इंद्र और शीशपाल की हत्या, पुलिस ने गठित कीं 2 टीमें:-

ग्रेटर नोएडा: थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में शुक्रवार को एक सीताराम इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल में दो लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों मृतक मेरठ के रहने वाले थे और दो-तीन दिन पहले ही इंस्टीट्यूट में माली का कार्य करने आए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमें गठित की हैं।
सुबह मिली सूचना, कमरे में पड़े थे लहूलुहान शव:-
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह डायल-112 पर सूचना मिली कि एक निजी इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल के कमरे में दो व्यक्तियों के शव पड़े हैं। थाना नॉलेज पार्क पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। कमरे के अंदर दोनों शव लहूलुहान हालत में मिले। घटनास्थल की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की हुई पहचान:-

जांच के दौरान एक मृतक की पहचान इंद्र निवासी अब्दुल्लापुर, मेरठ, उम्र करीब 45 वर्ष के रूप में हुई। दूसरे की पहचान शीशपाल निवासी ग्राम इचौली, मेरठ, उम्र करीब 45 वर्ष के रूप में की गई। पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों व्यक्ति हाल ही में इंस्टीट्यूट परिसर में माली का काम करने के लिए आए थे और निर्माणाधीन हॉस्टल में ही रह रहे थे।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत:-
घटना की सूचना पर फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कमरे और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की।
घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस हत्या के पीछे शराब पीने के बाद हुए विवाद, आपसी रंजिश, मजदूरी विवाद और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
डीसीपी बोले- जल्द होगी गिरफ्तारी:-

डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं जो विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह
