तमंचे के दम पर वसूली: सम्भल में बाबा गैंग के 6 गुर्गे गिरफ्तार, व्हाट्सएप-इंस्टा पर देते थे धमकी:-

सम्भल: जनपद सम्भल की थाना जुनावई पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने रंगदारी मांगने वाले तथाकथित ‘बाबा गैंग’ के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 2 अवैध तमंचे 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस तथा एक बोलेरो गाड़ी बरामद की गई है।
एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई:-
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत और क्षेत्राधिकारी गुन्नौर आलोक सिद्धू के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। थाना जुनावई में दर्ज मुकदमा संख्या 120/2026 के तहत पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार:-

गिरफ्तार आरोपियों में अंकित उर्फ दीपेंद्र, अवधेश उर्फ उपदेश कुमार, प्रिंस, कुलदीप जडेजा, अमन शर्मा और सुरेंद्र शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मिलकर एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। विरोध करने पर आरोपियों ने हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी थी।
सोशल मीडिया पर था सक्रिय गैंग:-
पूछताछ में आरोपियों ने खुद को तथाकथित ‘बाबा गैंग’ का सदस्य बताया। पुलिस के मुताबिक गैंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर सक्रिय था। गैंग के सदस्य लोगों को डराकर व धमकाकर अवैध वसूली करते थे।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे:-

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
रिपोर्टर – सचिन कुमार
