उनियारा ब्रेकिंग: ज्योति नगर में नशे का अड्डा बना पुराना कुआं….

सरदार बाग में खुलेआम नशा: पुराने कुएं के पास ‘लाइन्स-एविल’ इंजेक्शन से लग रही लत, DSP बोलीं- होगी कार्रवाई:-

सवाई माधोपुर: उनियारा शहर के सवाई माधोपुर रोड स्थित सरदार बाग क्षेत्र की ज्योति नगर कॉलोनी के पास एक पुराना कुआं इन दिनों नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ है। कटे हुए प्लॉट के पास स्थित इस कुएं के आसपास हर रोज बड़ी संख्या में नशे के आदी युवक इंजेक्शन के माध्यम से नशा करते नजर आते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

दर्जनों इंजेक्शन बिखरे मिले:-

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर प्रतिदिन इस्तेमाल किए गए दर्जनों इंजेक्शन यानी सिरिंज के अवशेष बिखरे मिलते हैं। खुले में फेंके गए ये इंजेक्शन न केवल सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं, बल्कि बच्चों और आम नागरिकों में संक्रमण फैलने का डर भी बढ़ा रहे हैं।

प्रतिबंध के बावजूद हो रहा दुरुपयोग:-

जानकारी के अनुसार, “लाइन्स” नाम से प्रचलित इंजेक्शनों पर प्रतिबंध होने के बावजूद नशेड़ी इन्हें अन्य नामों या वैकल्पिक माध्यमों से हासिल कर रहे हैं। इसके अलावा “एविल” जैसे इंजेक्शनों का भी नशे के लिए जमकर दुरुपयोग किया जा रहा है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उनियारा के प्रभारी डॉ. रविन्द्र खिंची ने बताया, “लाइन्स इंजेक्शन वास्तव में एक एंटीबायोटिक है, जिसका उपयोग जुकाम-खांसी जैसी बीमारियों के उपचार में किया जाता है, लेकिन इसका गलत तरीके से उपयोग करना बेहद हानिकारक है और शरीर पर गंभीर दुष्प्रभाव डाल सकता है।

बढ़ी असुरक्षा, बच्चों पर बुरा असर:-

क्षेत्रवासियों ने बताया कि नशे में धुत युवक सुबह-शाम आसपास घूमते रहते हैं, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। कई अभिभावकों ने चिंता जताई कि इस तरह का वातावरण बच्चों और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है और उन्हें गलत दिशा में धकेल सकता है। राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

CLG बैठकों में उठा मुद्दा, नहीं हुई कार्रवाई:-

पुलिस थाना स्तर पर आयोजित CLG बैठकों में इस समस्या को कई बार उठाया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी न तो नियमित गश्त बढ़ाई गई और न ही इस अड्डे को खत्म करने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए।

DSP ने दिए जांच के आदेश:-

मामले पर DSP उनियारा आकांक्षा चौधरी ने कहा, “शहर के सवाई माधोपुर रोड पर स्थित ज्योति नगर के एक पुराने कुएं के पास कुछ युवकों द्वारा नशा करने की जानकारी मिली है। इसकी गहनता से जांच करवाई जा रही है। जांच क्लियर होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करके नशेड़ियों पर अंकुश लगाया जाएगा।”

प्रशासन से सख्ती की मांग:-

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और पुलिस से सरदार बाग क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त, नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इस स्थान की सफाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो यह पूरे शहर के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की भी अपील की गई है।

रिपोर्टर – निर्मल गुप्ता

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD