कश्मीर जैसा नजारा: बलिया के मटही में मूसलाधार बारिश के साथ गिरे जानलेवा ओले, प्रशासन अलर्ट:-

उत्तर प्रदेश: जनपद बलिया के ग्राम मटही में शुक्रवार की रात अचानक आई भीषण आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने ग्रामीण जीवन को ठहरा दिया। बारिश के साथ बड़े-बड़े बर्फ के ओले इतनी तेज रफ्तार से गिरे कि ग्रामीणों को जान बचाने के लिए घरों में ही शरण लेनी पड़ी।
जानलेवा थे ओलों के आकार:-
ग्रामीणों के मुताबिक ओलों का आकार इतना विशाल था कि यदि किसी के सिर पर लगते तो जानलेवा साबित हो सकते थे। बारिश रुकने पर गांव की सड़कें और खेत बर्फ की मोटी सफेद परत से पटे नजर आए, जिससे लोगों को कश्मीर की बर्फीली वादियों की याद आ गई।
उखड़े पेड़, ठप हुआ यातायात:-
हवा की 60-70 किमी/घंटा की रफ्तार ने भारी तबाही मचाई। दर्जनों पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, जिससे मटही-रसड़ा मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रारंभिक आकलन में फसलों को लाखों रुपये का नुकसान होने और कुछ घरों की छतें उड़ने की खबरें हैं। गेहूं, सब्जी और आम की फसल को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है।
प्रशासन ने भेजी राहत टीम:-
एसडीएम रसड़ा ने बताया, “सूचना मिलते ही हमने तुरंत राहत टीम भेजी है। पेड़ हटाने और प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान की जा रही है। राजस्व टीम नुकसान का आकलन कर रही है।
अगले 24 घंटे भारी:-
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और बारिश व ओलों की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खुले में न निकलने की अपील की है। प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है।
रिपोर्टर – पियूष प्रताप सिंह
