बहराइच: अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस पर वृद्धाश्रम में बुजुर्ग माताओं का सम्मान…

मातृ दिवस पर बहराइच ओल्ड एज होम में भावुक पल: वरिष्ठ समाजसेवी ने अपने हाथों से कराया जलपान, मांगा आशीर्वाद:-

बहराइच: अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस के शुभ अवसर पर बहराइच के वृद्धाश्रम में रविवार को भावुक माहौल देखने को मिला। आश्रम प्रबंधन और वरिष्ठ समाजसेवी अनिल कुमार प्रधान ने आश्रम पहुंचकर सभी वृद्ध माता-पिता से आशीर्वाद प्राप्त किया।

माला पहनाकर किया सम्मान:-

अनिल प्रधान ने आश्रम में निवास कर रहे सभी वृद्ध माता-पिता को एक साथ बैठाकर उनके दुख-सुख सुने और आपस में साझा किए। इस दौरान आश्रम में कार्यरत अधीक्षक श्रीमती अनुराधा और पार्ट टाइम योगा टीचर श्रीमती अंजुला पांडे के हाथों से सभी मातृ शक्तियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया और सभी से आशीर्वाद लिया गया।

‘मां सिर्फ शब्द नहीं, संपूर्ण ब्रह्मांड’:-

प्रबंधक वरिष्ठ समाजसेवी अनिल कुमार प्रधान ने कहा, “आज बड़ा ही महत्वपूर्ण दिन है। हम सभी को मातृ दिवस बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाना चाहिए। क्योंकि मां सिर्फ एक शब्द नहीं है बल्कि संपूर्ण ब्रह्मांड की सबसे सुंदर भावना है। मां शब्द पुकारते ही प्रेम, त्याग, बलिदान और अनंत प्यार की भावना हमारे मन में उत्पन्न हो जाती है। मां ने हमें सिर्फ जन्म ही नहीं दिया बल्कि हमारे जीवन को आकार भी प्रदान किया है। मां हमारी पहली गुरु और पहली मित्र मानी जाती है।”

फल-मिठाई और जलपान का वितरण:-

इस अवसर पर अनिल प्रधान ने अपने हाथों से सभी वृद्ध लोगों को जलपान, मीठा फल, ठंडा पेय व अन्य खाद्य सामग्री भेंट की और पुनः आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में आश्रम में कार्यरत पार्ट टाइम डॉक्टर प्रदीप कुमार पांडे सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

बाराबंकी आश्रम में भी मना मातृ दिवस:-

दूसरी तरफ आदर्श कल्याण सेवा समिति द्वारा संचालित आदित्य ओल्ड एज होम, आलापुर ग्राम बाबूरिया, जिला बाराबंकी में भी मातृ दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आश्रम में कार्यरत वार्डन कुमारी अनुभव श्रीवास्तव ने सर्वप्रथम सभी वृद्ध माताओं को माला पहनाकर सम्मानित किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान सभी वृद्ध माता-पिता को मीठा फल, ठंडा पेय व अन्य खाद्य सामग्री प्रदान की गई। मौके पर आश्रम का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

रिपोर्टर – राजेश श्रीवास्तव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD