गले के संक्रमण से बचाएगी मटके की प्याऊ: टोंक में समाजसेवी दंपति की पहल, 250 लीटर पानी हमेशा ठंडा:-

राजस्थान: मई-जून की भीषण गर्मी में जहां सूर्य देव आग बरसा रहे हैं, वहीं सेवा भावी लोग भी आमजन की सेवा में पीछे नहीं हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को समाजसेवी दंपति भगवान भण्डारी एवं अलका भण्डारी ने अपने स्वर्गीय पिता जी की 17वीं पुण्यतिथि पर शुद्ध प्राकृतिक मटकों के जल की प्याऊ का लोकार्पण किया।
पंडित राजकुमार शर्मा ने किया शुभारंभ:-
प्याऊ का शुभारंभ टोंक के जाने-माने भविष्यवक्ता पंडित राजकुमार शर्मा ने विधिवत मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ किया। पंडित नवीन शर्मा ने पूजन करवाया। पंडित राजकुमार शर्मा ने प्याऊ का शुद्ध जल पीकर विधिवत शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा, “दूसरों की सेवा से बढ़कर कोई पुण्य नहीं है। इस प्रकार के प्रयास सभी को करने चाहिए।”
250 लीटर पानी, स्वचालित व्यवस्था:-

10 काले मटकों की यह प्याऊ स्वचालित प्रक्रिया पर आधारित है। सभी मटकों को आपस में पाइप लाइन से जोड़ा गया है और पहले मटके को टंकी से कनेक्ट किया गया है। जैसे ही अंतिम मटके से कोई पानी पीता है, बाकी 9 मटके अपने आप उसे वापस भर देते हैं। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग 250 लीटर पानी हमेशा प्राकृतिक रूप से ठंडा रहता है।
मशीन के पानी से बेहतर मटके का पानी:-
सेवा संयोजक समाजसेवी भगवान भण्डारी ने बताया कि मशीनों से अत्यधिक ठंडे पानी की प्याऊ से गले में संक्रमण और बीमारी का अंदेशा रहता है, जबकि मटके का पानी प्राकृतिक रूप से ठंडा और स्वास्थ्य के लिए बेहतर है।
ये रहे मौजूद:-

इस अवसर पर सद्गुरु आश्रम के संस्थापक गुरुदेव पंडित राजकुमार शर्मा, व्यवस्थापक विष्णु साहू, पंडित नवीन, देवराज, समाजसेवी भगवान भण्डारी, अलका भण्डारी, राधेश्याम विजय, सोनवा राजीव बंसल, कन्हैया मूंदड़ा, आनन्द भण्डारी, राजू मूंदड़ा, शंकर विजय, गोपाल सिंह, अनिल अजमेरा, कैलाश विजय, डॉ. आशीष मूंदड़ा, पवन विजय, हरभजन तिवाड़ी, सुरेंद्र चौधरी, राजकुमार विजय, अमृत भण्डारी, राधिका भण्डारी आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – एस रहमान
