आंधी-तूफान का कहर: मिनटों में मचा तांडव, लाखों का नुकसान; झंडा चौराहे का तिरंगा गिरा, ई-रिक्शा हवाओं में उड़े:-

जालौन: नगर में देर शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम ने कुछ ही मिनटों में पूरे शहर को हिलाकर रख दिया। तेज हवाओं के चलते दुकानें, मकान, पेट्रोल पंप, कोल्ड स्टोरेज, मोबाइल टावर समेत कई निर्माण क्षतिग्रस्त हो गए। तूफान इतना भयानक था कि कई जगह ई-रिक्शा तक हवा में डगमगाते नजर आए। सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखाई दिए।
दुकानों के बोर्ड और टिनशेड उड़कर दूर जा गिरे। नगर के झंडा चौराहे पर लगा विशाल तिरंगा झंडा भी तूफान की चपेट में आकर गिर गया। तेज हवाओं ने झंडे के पोल को भी झुका दिया। यह देख लोगों में मायूसी छा गई।
पेड़-खंभे गिरने से रास्ते बंद, बिजली गुल:-

नगर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में विशाल पेड़ धराशायी हो गए, जिससे कई मार्ग बाधित हो गए। बिजली के खंभे और तार टूटने से कई इलाकों की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। अंधेरा छाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी:-

स्थानीय लोगों के मुताबिक आंधी ने कुछ ही देर में लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया है। सूचना पर प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। नगर पालिका और फायर ब्रिगेड की टीमें सड़कों से पेड़ और मलबा हटाने में जुटी हैं। बिजली विभाग तारों को दुरुस्त करने में लगा है।
लोगों से अपील:-
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है।
रिपोर्टर – रणजीत गौतम
