चुनाव आयोग के निर्देश पर एक्शन: श्रावस्ती DM ने परखी EVM सुरक्षा, बैलेट यूनिट-कंट्रोल यूनिट की जांच:-

श्रावस्ती: जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम और वीवीपैट वेयर हाउस का मासिक निरीक्षण किया। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देश पर हुए इस निरीक्षण में सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और रिकॉर्डिंग सिस्टम का गहन जायजा लिया गया।
बैलेट यूनिट और कंट्रोल यूनिट की सुरक्षा जांची:-
निरीक्षण के दौरान DM ने बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी 24 घंटे जारी रखने और डीवीआर सिस्टम के सतत संचालन को सुनिश्चित करने को कहा।
DM बोलीं: पारदर्शिता के लिए जरूरी है मॉनिटरिंग:-

जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया, “ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग कराई जा रही है।” उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
सभी दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद:-
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ललित कुमार, उप कृषि निदेशक सुरेन्द्र चन्द्र चौधरी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरुण पाण्डेय, सपा जिलाध्यक्ष सर्वजीत यादव, कांग्रेस नेता यशोदानन्दन शर्मा सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी सुरक्षा इंतजाम देखे।
प्रशासन सतर्क:-

फिलहाल प्रशासन द्वारा वेयर हाउस की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर लगातार सतर्कता बरती जा रही है। हर महीने की तरह इस बार भी मानक के अनुसार पूरी प्रक्रिया अपनाई गई।
रिपोर्टर – सतीश दुबे
