राजस्थान दिवस पर गड़ीसर झील पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन…

गड़ीसर झील पर आतिशबाजी और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन:-

राजस्थान: जैसलमेर में स्थापना दिवस सप्ताह-2026 के उपलक्ष्य में गुरुवार को ऐतिहासिक गड़ीसर झील के तट पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम ने मरुधरा की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम राजस्थान दिवस सप्ताह का यह भव्य समापन रंग, संगीत और उत्साह से सराबोर रहा।

गड़ीसर झील पर सजी सांस्कृतिक संध्या, लोक रंगों ने मोहा मनः-

सांस्कृतिक संध्या में प्रदेश के ख्यातिप्राप्त लोक कलाकारों ने लोक नृत्य, लोक संगीत एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत की अनुपम झलक पेश की। हर प्रस्तुति के साथ दर्शकों की तालियों की गूंज ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। कलाकारों की भावपूर्ण अभिव्यक्तियों और रंगारंग प्रस्तुतियों ने गड़ीसर झील के शांत जल को भी मानो सुरों की लहरों से आंदोलित कर दिया।

संगीत, नृत्य और आतिशबाजी से सजी गड़ीसर की सुनहरी शामः-

कार्यक्रम के दौरान कालबेलिया, घूमर, चकरी जैसे पारंपरिक लोक नृत्यों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया। लोक संगीत की मधुर धुनों पर झूमते दर्शक इस सांस्कृतिक उत्सव का भरपूर आनंद लेते नजर आए। कार्यक्रम के समापन पर आकर्षक आतिशबाजी ने आकाश को रंगीन रोशनी से सजाते हुए इस यादगार शाम को और भी खास बना दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन उप-प्राचार्य विजय बल्लाणी ने किया।

इस अवसर पर उपस्थित गणमान्यः-

इस अवसर पर जिला कलक्टर प्रताप सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, उपखंड अधिकारी सक्षम गोयल, अधीक्षण अभियंता विद्युत भैराराम चौधरी, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, सहायक निदेशक पर्यटन कमलेश्वर सिंह, समाजसेवी अरुण पुरोहित एवं कवराज सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं दर्शक  उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – चंद्र प्रकाश पुरोहित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD