सेवा शिविर-2026 को जनकल्याण का माध्यम बनाएं- जिला प्रभारी सचिव, बोले- मौके पर निपटाएं काम, निरीक्षण न हो औपचारिकता:-

राजस्थान: ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर-2026 को जनकल्याण का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए जैसलमेर में जिला प्रभारी सचिव महावीर प्रसाद मीणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में शिविरों के सफल संचालन, समस्याओं के त्वरित समाधान और योजनाओं का लाभ अधिकतम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण केवल औपचारिकता न हो: प्रभारी सचिव:-
जिला प्रभारी सचिव एवं राजस्थान राज्य बुनकर संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महावीर प्रसाद मीणा ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर-2026 की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आमजन को गांव-वार्ड स्तर पर ही विभिन्न विभागों की सेवाएं देना और समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना है।
मीणा ने जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षणों की समीक्षा करते हुए कहा कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न होकर व्यवस्थाओं में सुधार और सेवा वितरण की गुणवत्ता बढ़ाने का माध्यम बनें। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त समस्याओं और परिवेदनाओं का समयबद्ध समाधान हो और प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
15 जुलाई तक चलेंगे शिविर, पात्र व्यक्ति को मिले लाभ:-

बैठक में 15 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के लिए नियुक्त जिला एवं खण्ड स्तरीय अधिकारियों की सूची की भी समीक्षा की गई। जिला प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने और शिविरों में व्यक्तिगत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिविरों का मूल उद्देश्य आमजन को राहत देना है, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। सभी विभाग निर्धारित समयावधि में लक्ष्यों की पूर्ति करते हुए शिविरों को परिणामोन्मुखी बनाएं और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं।
योजनाओं का हो व्यापक प्रचार-प्रसार:-
विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिविरों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं की जानकारी मिले और वे अधिकाधिक लाभान्वित हो सकें। साथ ही, शिविरों में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उसका समाधान किया जाए।बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी शिविरों की तैयारियों की जानकारी दी।
ये रहे मौजूद:-

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी, यूआईटी सचिव सुखराम पिंडेल, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह सांदू, अधीक्षण अभियंता विद्युत भैराराम चौधरी, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी कैलाश चंद मीणा, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. उमेश वर्गटीवार, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर – चंद्र प्रकाश पुरोहित
