लाडकुई: ‘हाजी खाना’ में हिंदू-मुस्लिम एकता की झलक, सोनू-इदरीश-आदिल और दामाद नईम ने खुद संभाली व्यवस्था:-

मध्य प्रदेशः सीहोर जिले का लाडकुई कस्बा बीते दिनों एक रूहानी और गरिमामय पल का गवाह बना। अवसर था हाजी अजीज खान मंसूरी के यहाँ आयोजित भव्य ‘हाजी खाना’ कार्यक्रम का। रॉयल गार्डन में हुए इस आयोजन में आस्था, सत्कार और आपसी मोहब्बत का अनोखा संगम देखने को मिला।
बेटों-दामाद ने संभाली कमानः-
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए हाजी साहब के पूरे परिवार ने जी-जान लगा दी। कार्यक्रम में हाजी अजीज खान मंसूरी के सुपुत्र सोनू खान मंसूरी, इदरीश मंसूरी और आदिल खान मंसूरी ने मुख्य सानिध्य संभाला। वहीं उनके दामाद और कन्नौद के लोकप्रिय नगर सेवक नईम मंसूरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दामाद नईम मंसूरी की गरिमामय उपस्थिति ने पूरे आयोजन में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम की हर छोटी-बड़ी व्यवस्था और मेहमाननवाजी की कमान तीनों बेटों और दामाद नगर सेवक नईम मंसूरी ने खुद मिलकर संभाली। मेहमानों की आवभगत से लेकर हर चीज़ को खुद खड़े रहकर व्यवस्थित किया और अपनी बेहतरीन मेजबानी से सभी मेहमानों का दिल जीत लिया।
उमराह से लौटे हजरात ने बांटे पवित्र तोहफेः-

इस पूरे आयोजन का सबसे खास और भावुक पल वह रहा, जब उमराह यानी मुकद्दस सफर से लौटकर आए हजरात ने कार्यक्रम में मौजूद सभी मेहमानों को विशेष उपहार भेंट किया। खुदा की इबादत के लिए बेहद पवित्र माने जाने वाले इस तोहफे को पाकर वहां मौजूद हर शख्स भावुक और अभिभूत नजर आया।
गंगा-जमुनी तहजीब की मिसालः-
इस कार्यक्रम की सबसे खूबसूरत तस्वीर हिंदू-मुस्लिम एकता और गंगा-जमुनी तहजीब के रूप में देखने को मिली। दामाद व नगर सेवक नईम मंसूरी के साथ उनके करीबी मित्र साजिद बाबा, ऋषभ जायसवाल और प्रवेश सिंह सहित दोनों समुदायों के कई वरिष्ठ जनों ने एक साथ शिरकत की। सभी ने मिलकर हाजी अजीज खान मंसूरी के पूरे परिवार को इस सफल आयोजन की मुबारकबाद दी।
कुल मिलाकर, बेटों और दामाद के आपसी तालमेल से हुआ लाडकुई का यह भव्य आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, कौमी एकता और धार्मिक सद्भाव की एक सुंदर और अटूट झलक पेश कर गया।
रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह
