होमगार्ड परीक्षा की तैयारी: डीएम ने देखी स्ट्रांग रूम-कंट्रोल रूम की व्यवस्था, सीसीटीवी-इंटरनेट दुरुस्त रखने के निर्देश:-

उत्तर प्रदेश: जिलाधिकारी बांदा श्री अमित आसेरी ने आज आगामी 25 से 27 अप्रैल 2026 को होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम और डीएवी कॉलेज के स्ट्रांग रूम एवं कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
कैमरों से निगरानी, इंटरनेट रहे दुरुस्त:-

डीएम ने कंट्रोल रूम में कैमरों से निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया और परीक्षा तिथियों में इंटरनेट कनेक्टिविटी सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी परीक्षा कक्षों के सीसीटीवी कैमरे संचालित रखने, परीक्षा केंद्रों पर समय से सामग्री पहुंचाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर, सिटिंग प्लान, पेयजल, छाया तथा सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करने को कहा।
दो पालियों में होगी परीक्षा, 7 केंद्र निर्धारित:-

यह परीक्षा 25 से 27 अप्रैल, 2026 को दो पालियों में प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली में 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र जनपद के आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खानकाह इंटर कॉलेज, इंटरमीडिएट कॉलेज तिन्दवारा, नगर पालिका बालिका उ0मा0 विद्यालय, जनता इंटर कॉलेज खुरहण्ड एवं रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा में बनाए गए हैं।
एंबुलेंस-ट्रैफिक व्यवस्था के निर्देश:-

जिलाधिकारी ने परीक्षा की तिथियों में एंबुलेंस की व्यवस्था एवं प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। साथ ही समुचित ट्रैफिक व्यवस्था करने और विद्यालयों के बाहर वाहन पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री पलाश बंसल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक श्री माया शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक श्री शिवराज सहित प्रधानाचार्य डीएवी इंटर कॉलेज एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – मोहम्मद हुसैन
