बहजोई में पुलिस रिक्रूट्स ने दिखाया दम, अनुशासन-कदमताल से जीता दिल; जल्द होंगे बल में शामिल:-

सम्भल: जनपद के बहजोई स्थित ईश्वर दास टेक्निकल इंस्टीट्यूट में प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट परेड का अंतिम रिहर्सल शुक्रवार को पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ। रिक्रूट आरक्षियों ने बेहतरीन कदमताल, सटीक कमांड और शानदार तालमेल का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
एसपी ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश:-

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने परेड की सलामी ली और निरीक्षण किया। उन्होंने परेड की सभी व्यवस्थाओं—जैसे वेशभूषा, सुरक्षा, कमांड और कंट्रोल—का बारीकी से जायजा लिया और कार्यक्रम को भव्य एवं त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए।
देश सेवा की दिलाई शपथ:-

रिहर्सल के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों को देश सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और संविधान के प्रति समर्पण की शपथ भी दिलाई गई। एसपी कृष्ण कुमार ने कहा, “रिक्रूट्स ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, हमें उम्मीद है कि ये आगे भी ईमानदारी और निष्ठा के साथ सेवा करेंगे।” इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत, प्रतिसार निरीक्षक अशोक कुमार और आरटीसी प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। फिलहाल, सभी की निगाहें अब पासिंग आउट परेड पर टिकी हैं, जहां ये रिक्रूट आरक्षी औपचारिक रूप से पुलिस बल का हिस्सा बनेंगे।
रिपोर्टर – सचिन कुमार
