टोंक: भाजपा कार्यालय उद्घाटन की तैयारी…

भाजपा के नए कार्यालय उद्घाटन से पहले प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे सद्गुरु आश्रम, गुरुदेव बोले- कर्म ही प्रथम पूजा:-

टोंक: राजस्थान की राजनीति और सनातन परंपरा का अनूठा संगम उस समय देखने को मिला, जब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सद्गुरु आश्रम, टोंक पहुंचकर गुरुदेव पंडित राजकुमार शर्मा से आशीर्वाद प्राप्त किया। यह मुलाकात आगामी 27 अप्रैल को टोंक में होने जा रहे भाजपा के नए कार्यालय के उद्घाटन समारोह के संदर्भ में विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष और सीएम की उपस्थिति पर चर्चा:-

इस अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीन नबीन और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की उपस्थिति को लेकर भी चर्चा हुई। राठौड़ ने गुरुदेव से सफल आयोजन, राज्य की समृद्धि और जनता की खुशहाली के लिए आशीर्वाद लिया।

भारत माता की आरती, मां बगलामुखी की साधना:-

आश्रम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विशेष पूजा-अर्चना कर भारत माता की आरती की गई। साथ ही मां बगलामुखी की साधना के माध्यम से देश और प्रदेश के कल्याण की कामना की गई। आश्रम व्यवस्थापक विष्णु साहू के अनुसार, इस दौरान ज्योतिषीय चर्चा भी हुई, जिसमें राष्ट्र और समाज के भविष्य से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

कर्म ही पूजा है — गुरुदेव का संदेश:-

गुरुदेव पंडित राजकुमार शर्मा ने इस अवसर पर जीवन-दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यक्ति को दूसरों को उनकी कमियों सहित स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कर्म को ही सर्वोच्च बताते हुए कहा कि भाग्य के भरोसे बैठने के बजाय निरंतर कर्म करना ही सफलता का मार्ग है। उनका स्पष्ट संदेश था कि “कर्म ही प्रथम पूजा है” और यही सिद्धांत व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।

राजनीति में आध्यात्म का जुड़ाव:-

मीडिया से बातचीत में मदन राठौड़ ने स्वयं को आस्तिक और आध्यात्मिक व्यक्ति बताते हुए कहा कि संत-महात्माओं से मिलने से सकारात्मक ऊर्जा और मार्गदर्शन प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि गुरुदेव के साथ एकांत में आध्यात्मिक और सामाजिक विषयों पर चर्चा हुई।

सनातन विचारधारा और सामाजिक संदेश:-

आश्रम प्रबंधन ने बताया कि गुरुदेव सनातन धर्म को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करते हैं और अंधविश्वास, पाखंड तथा जातिवाद से मुक्त समाज के निर्माण के लिए कार्यरत हैं। “इदं राष्ट्राय स्वाहा” जैसे वैदिक मंत्र को जीवन ध्येय मानते हुए वे राष्ट्रहित और मानवता के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

इस पूरे घटनाक्रम ने यह स्पष्ट किया कि राजस्थान में राजनीति केवल सत्ता तक सीमित नहीं, बल्कि आध्यात्म, ज्योतिष और सनातन मूल्यों के साथ गहराई से जुड़ी हुई है, जहां जनसेवा के साथ-साथ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी महत्व दिया जा रहा है।

इस अवसर पर बीजेपी के प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, जिला प्रभारी भाजपा टोंक जीतेन्द्र शर्मा, पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता, बीजेपी के जिला अध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – एस रहमान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD