नाबालिग हत्याकांड: गाजीपुर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, रेलवे स्टेशन से अंबेडकर पार्क तक कैंडल मार्च से पहले ही कई नेता गिरफ्तार:-

उत्तर प्रदेश: गाजीपुर जनपद में हाल ही में एक नाबालिग युवती के साथ हुए हत्या की हृदयविदारक घटना के विरोध में Indian National Congress – Uttar Pradesh के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कैंडल मार्च को प्रशासन ने रोक दिया।
बिरनो थाने के पास जिलाध्यक्ष गिरफ्तार:-
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील राम को बिरनो थाने के पास बीच रास्ते में ही एसओजी टीम एवं थाना अध्यक्ष मय फोर्स द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। नेताओं की गिरफ्तारी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ गया है।
रेलवे स्टेशन से अंबेडकर पार्क तक जाना था मार्च:-
यह कैंडल मार्च गाजीपुर रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होकर अंबेडकर पार्क, लंका तक जाना था, जहां पीड़िता को श्रद्धांजलि अर्पित की जानी थी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं आम नागरिक एकत्रित हुए थे और शांतिपूर्ण तरीके से पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग उठा रहे थे।
कांग्रेस का आरोप- बलपूर्वक रोका गया मार्च:-
कांग्रेस का आरोप है कि वर्तमान सरकार के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम को बलपूर्वक रोकते हुए कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया तथा कार्यकर्ताओं को तितर-बितर कर दिया। पुलिस कार्रवाई के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
रिपोर्टर – उर्फ़ी रिज़वी
