टोंक: ‘खेत को पानी’ के लिए सड़क पर किसान….

46 डिग्री में भी नहीं रुकी आस्था: टोंक में नहर की मांग को लेकर महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा, 5 दिन चलेगा आंदोलन:-

राजस्थान: टोंक जिले में जयपुर नहर की मांग को लेकर किसानों ने “जल यात्रा” के माध्यम से आंदोलन का आगाज कर दिया है। निवाई उपखंड के पहाड़ी गांव से मंगलवार को तेजाजी मंदिर से माता जी मंदिर तक कलश यात्रा निकाली गई। 41 डिग्री तापमान और नौतपा की तपिश के बीच करीब 2 घंटे तक गांव की परिक्रमा कर महिलाओं ने नहर की मांग बुलंद की।

300 घरों ने की भागीदारी, हर घर से मिला ठंडा पानी:-

कलश यात्रा में गांव के करीब 300 घरों ने भागीदारी की। सिर पर कलश लेकर चल रही महिलाएं नाचते-गाते चल रही थीं। यात्रा जिस भी मार्ग से निकली, वहां घर-घर से ठंडा पानी लेकर पुरुष-महिलाएं बाहर खड़ी थीं। माता, बहन, बेटियों का उत्साह और जोश आंदोलन की सफलता का संकेत दे रहा था। पानी के कारण लू का असर भी प्रभावहीन रहा।

‘जल बीच मीन प्यासी’ जैसे हालात: रामपाल जाट:-

किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने कहा कि “खेत को पानी, फसल को दाम, युवाओं को काम” ही देश की समृद्धि का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि टोंक जिले की निवाई तहसील से ही बीसलपुर का पानी ब्यावर तक और ईसरदा का पानी जयपुर तक पहुंचेगा, लेकिन इस तहसील के गांव पानी को तरसते रहेंगे। यह सरकारों की जल नीतियों का दुष्परिणाम है कि पानी के किनारे और पड़ोसी क्षेत्र ही पानी से वंचित हैं। “पानी तो भरपूर है, क्यों खेतों से दूर है, जल बीच मीन प्यासी है।”

कलेक्टर से प्रस्ताव भेजने की मांग:-

निवाई उपखंड में सिंचाई की कोई व्यवस्था नहीं है और किसान पूरी तरह वर्षाजल पर आधारित हैं। वर्ष 2022 से लगातार संघर्ष के बाद भी मांग पूरी नहीं हुई। उपखंड अधिकारी निवाई ने कई बार आश्वासन दिया, लेकिन नहर से पानी दिलाने के लिए सरकार को प्रस्ताव भिजवाने की बात पर ही सहमति बनी। किसान कलेक्टर टोंक से सरकार को प्रस्ताव भेजने की मांग कर रहे हैं।

5 दिन चलेगी जल यात्रा, फिर बड़ा आंदोलन:-

पहले दिन यात्रा पहाड़ी, खंडवा, अभ्यपुरा, पराना, नटवाडा, सिरस, बस्सी, खोडा का खेड़ा, बहड, जामडोली में पहुंची। रात को सभा में अन्नदाताओं ने पानी के लिए संकल्प लिया। पांच दिवसीय जल यात्रा जनजागृति के बाद बड़े आंदोलन का आगाज करेगी।

ये रहे मौजूद:-

यात्रा के शुभारंभ पर जल यात्रा संयोजक दशरथ सिंह चौहान, ग्राम संयोजक राजाराम मनीष साहू, युवा प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर चौधरी का जनता ने आभार जताया। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रोतास बोहरा, राष्ट्रीय महासचिव अकबर खान, प्रदेश मंत्री बत्ती लाल बैरवा, खैरथल-तिजारा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र क्रांतिकारी, हरसोली तहसील अध्यक्ष शेर सिंह दहिया, उपाध्यक्ष सरजीत सिंह समेत 300 किमी दूर से आए किसान प्रतिनिधि रूपचंद माजरा, जगराम भी मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष गोपीलाल डोड़वाडी, उपाध्यक्ष सीताराम खादवाल, प्रचार मंत्री राधेश्याम गोहरपुरा, टोंक अध्यक्ष सीताराम मीना, निवाई महासचिव गोविंद पलेई सहित अन्य किसान नेता शामिल हुए।

रिपोर्टर – एस रहमान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD