मणिपुर से लौटे थे घर: CRPF जवान शैलेंद्र कुमार का अचानक निधन, 12 साल की बेटी-10 साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया:-

उत्तर प्रदेश: औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र के बेलाबस्ती गांव निवासी सीआरपीएफ जवान शैलेंद्र कुमार (46) का रविवार को अचानक बीमारी से निधन हो गया। उनकी असमय मृत्यु से पूरे बेला क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शैलेंद्र कुमार मणिपुर में तैनात थे और 30 अप्रैल को छुट्टी लेकर घर लौटे थे। परिजनों के अनुसार रविवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तुरंत बेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम:-
शैलेंद्र का विवाह 2009 में कानपुर नगर निवासी आरती से हुआ था। वे अपने पीछे पत्नी आरती, 12 वर्षीय बेटी दृष्टि और 10 वर्षीय पुत्र देव को छोड़ गए हैं। जवान की मौत की खबर से पत्नी-बच्चों और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार:-

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गंगादास गौतम मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए औरैया भेजा गया। मंगलवार को जवान शैलेंद्र कुमार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष गंगादास गौतम समेत पुलिस जवानों ने शैलेंद्र को सलामी दी। जवान की मौत से बेलाबस्ती गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
रिपोर्टर – संतोष पाण्डेय
