गौतमबुद्धनगर: प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठक….

ग्रेटर नोएडा: कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक, PWD मंत्री बृजेश सिंह ने दिए निर्देश- राजस्व सेवाएं हों समयबद्ध, महिला सुरक्षा पर रहे फोकस:-

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बड़ी समीक्षा बैठक हुई। प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री और जनपद प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने डीएम, एसएसपी समेत सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर कड़े दिशा-निर्देश दिए।

जनकल्याणकारी योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश:-

बैठक में कानून व्यवस्था, राजस्व और मुख्यमंत्री के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और विकास कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

राजस्व सेवाएं हों पारदर्शी:-

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने आय, जाति, निवास प्रमाण पत्रों सहित आम जनता से जुड़ी सभी सेवाओं को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए ऑनलाइन सिस्टम को और मजबूत करें।

स्वास्थ्य-किसान-मुद्दों पर फोकस:-

स्वास्थ्य विभाग में आयुष्मान योजना, गोल्डन कार्ड वितरण, टीकाकरण और अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली गई। कृषि विभाग को किसानों को समय पर खाद, बीज की उपलब्धता और सिंचाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए।

PWD को गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने की हिदायत:-

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिले में चल रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्युत आपूर्ति, पेयजल, बेसिक शिक्षा, पशुपालन और उद्योग विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा हुई।

महिला सुरक्षा और शांति व्यवस्था प्राथमिकता:-

बैठक के अंत में कानून व्यवस्था पर चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने, अपराध नियंत्रण और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी।

रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD