कुरुक्षेत्र: एसपी ने की आर्थिक अपराध शाखा की समीक्षा….

2026 के आर्थिक अपराधों पर एसपी सख्त: लंबित केसों में तेजी लाएं, विदेश भेजने के नाम पर ठगने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई:-

हरियाणा: कुरुक्षेत्र में जिला पुलिस अधीक्षक ने आर्थिक अपराध शाखा के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर वर्ष 2026 में दर्ज आर्थिक अपराधों की गहन समीक्षा की। बैठक में धोखाधड़ी, लेनदेन तथा कबूतरबाजी यानी इमीग्रेशन फ्रॉड से जुड़े मामलों पर विशेष चर्चा हुई।

लंबित केसों को प्राथमिकता से निपटाएं:-

पुलिस अधीक्षक ने 2026 में दर्ज आर्थिक अपराध से सम्बंधित मुकदमों में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी लंबित मामलों की जांच को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए। प्रत्येक केस में तथ्यों और साक्ष्यों का सूक्ष्मता से विश्लेषण करने के निर्देश दिए।

आमजन की कमाई से जुड़े मामले, लापरवाही नहीं चलेगीः-

एसपी ने कहा कि आर्थिक अपराध सीधे तौर पर आम नागरिकों की मेहनत की कमाई से जुड़े होते हैं। इसलिए ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कबूतरबाजी व धोखाधड़ी के मामलों में गहनता से जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के आदेश दिए।

साइबर टीम को तकनीकी रूप से सक्षम बनाएंः-

धोखाधड़ी के मामलों में आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर आरोपियों तक जल्द पहुंच बनाने को कहा। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए संबंधित टीमों को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बनने तथा विशेषज्ञ एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया।

विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वालों पर सख्तीः-

कबूतरबाजी से जुड़े मामलों में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाए, जो लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी करते हैं। पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

ईमानदारी से करें ड्यूटी, जनता का विश्वास सबसे जरूरीः-

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आमजन का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसे हर हाल में कायम रखा जाना चाहिए।

रिपोर्टर – अरविंद मोहन शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD