प्रदूषण बोर्ड की अनुमति बिना आबादी में चल रहा था प्लांट, संभल में प्रशासन ने मारा छापा:-

संभल: कस्बा सिरसी के मोहल्ला शर्की में प्रशासन ने एक अवैध रूप से संचालित जींस वाशिंग प्लांट पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की है। नगर मजिस्ट्रेट को प्राप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में प्लांट आबादी के बीच संचालित पाया गया।
घरेलू गैस से चला रहे थे मशीनें:-

निरीक्षण के दौरान प्लांट में कुल 5 वाशिंग मशीनें लगी मिलीं, जिनमें से 3 चालू थीं। चौंकाने वाली बात यह रही कि एक मशीन को घरेलू गैस सिलेंडर से बर्नर के जरिए गर्म किया जा रहा था। मौके पर करीब 2000 जींस और कई मशीनें व उपकरण भी बरामद किए गए।प्लांट के संचालक रफी-उल-हसन और 10 कर्मचारी मौके पर मौजूद मिले। पूछताछ में सामने आया कि प्लांट के पास जीएसटी और उद्यम पंजीकरण तो है, लेकिन प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और भू-गर्भ जल विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) अभी तक प्राप्त नहीं किया गया था।
बिजली काटी, 1000 जींस सील:-

इसके अलावा, प्लांट में 5 घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया, जिस पर पूर्ति निरीक्षक द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।प्रशासन ने मौके पर ही प्लांट की बिजली लाइन कटवा दी। लगभग 1000 सूखी जींस को सील कर दिया गया। बाकी सामान, जिसमें गीली जींस, मशीनें और जनरेटर शामिल हैं, को एक व्यक्ति की सुपुर्दगी में दिया गया है।प्रशासन का सख्त निर्देश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है, कि जब तक सक्षम अधिकारी से अनुमति नहीं मिलती, प्लांट का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। बिना NOC आबादी के बीच प्रदूषण फैलाने वाले ऐसे प्लांटों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्टर – सचिन कुमार
