बकरीद से पहले PAC संग रूट मार्च, CO इकौना ने धर्मगुरुओं संग की शांति समिति की बैठक:-

श्रावस्ती: बकरीद के त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए श्रावस्ती पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। थाना सोनवा के चौकी नासिरगंज में सोमवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। क्षेत्राधिकारी इकौना अलोक कुमार सिंह ने धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर:-
सीओ अलोक कुमार सिंह ने बैठक में स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने सभी से बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
नासिरगंज-लक्ष्मणनगर में फ्लैग मार्च:-

बैठक के बाद कस्बा नासिरगंज और लक्ष्मणनगर में भारी पुलिस बल और PAC के साथ रूट मार्च निकाला गया। रूट मार्च के दौरान अधिकारियों ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
एसपी के निर्देश पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम:-
पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में पूरे जिले में त्योहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और अराजक तत्वों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्टर – सतीश दुबे
