अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के आवेश खान का नेशनल शूटिंग बॉल में चयन, 10 मई को तेलंगाना रवाना होगी राजस्थान टीम:-

राजस्थान: टोंक के आवेश खान ने जोधपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। अल्पसंख्यक मामलात विभाग राजस्थान सरकार के अधीन संचालित राजकीय अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय टोंक के विद्यार्थी पढ़ाई, खेल व अन्य क्षेत्रों में लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।
जोधपुर में किया श्रेष्ठ प्रदर्शन:-
1 से 3 मई तक जोधपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर शूटिंग बॉल प्रतियोगिता में टोंक जिले की टीम में राजकीय अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय टोंक के छह विद्यार्थियों को खेलने का मौका मिला। सभी खिलाड़ियों ने अपना श्रेष्ठतम प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन:-
बेहतरीन खेल के दम पर आवासीय विद्यालय के छात्र आवेश खान का चयन राष्ट्रीय सब जूनियर शूटिंग बॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता महबूबनगर, तेलंगाना में होगी। इसमें भाग लेने के लिए राजस्थान टीम 10 मई 2026 को रवाना होगी।
कोच वसीम और शादाब क्लब का योगदान:-
प्रधानाध्यापक अब्दुल वाजिद ने बताया कि आवेश खान की सफलता के पीछे जिला शूटिंग वालीबॉल एसोसिएशन टोंक एवं कोच मोहम्मद वसीम की अहम भूमिका है। उनके नेतृत्व में टीम को बेहतर कोचिंग मिली। संगठन के अध्यक्ष एम आर दानिश, महासचिव अख्तर हुसैन, अध्यक्ष परवेज खान, कोषाध्यक्ष हिमांशु शर्मा, एम के खान, दुर्गा शंकर शर्मा, अल्ताफ हुसैन, मुमताज एम खान व अन्य के समन्वय से शादाब क्लब टोंक में खिलाड़ियों को निरंतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
अधिकारियों ने दी बधाई:-
आवेश खान के राष्ट्रीय स्तर पर चयन पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नितेश कुमार जैन, प्रधानाध्यापक अब्दुल वाजिद, शिक्षक जाहिद हुसैन, पहलवान मीना व अन्य स्टाफ साथियों ने शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्टर – एस रहमान
