विजय की मां बोलीं- ‘मैं बहुत खुश हूं’, पिता ने कहा- ‘बेटा CM बनेगा, उसे पूरा यकीन था’; TVK 100 सीटों पर आगे:-

चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के रुझानों में एक्टर थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने 100 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बना ली है। TVK के सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने से विजय के पिता एस.ए. चंद्रशेखर गदगद हैं। उन्होंने कहा कि विजय को यकीन था कि वह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनेंगे।
बेटे को 1% भी शक नहीं था:-
एएनआई से बात करते हुए विजय के पिता ने कहा, ‘मैं और मेरी पत्नी बहुत खुश और गर्व महसूस कर रहे हैं। मैंने पिछले दो वर्षों में देखा है कि उनका कॉन्फिडेंस लेवल शानदार रहा है। उनका यह विश्वास कि मैं अब तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनूंगा, इसमें उनको 1 प्रतिशत भी शक नहीं था। मैं इस नजरिए की तारीफ करता हूं। एक नेता के लिए निडरता, बिना किसी गठबंधन के खड़े रहना तारीफ के काबिल है।’
मां भी हैं बेहद खुश:-

चंद्रशेखर ने बताया कि जैसे-जैसे नतीजे सामने आ रहे थे, विजय की मां खुश हो रही थीं। उन्होंने कहा, ‘वह न केवल उसकी मां हैं, बल्कि विजय की सबसे पहली प्रशंसक भी हैं। आज वह बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा, मैं बहुत खुश हूं।’
पिता से मिलने पहुंचे विजय, मारी सीटी:-
तमिलनाडु चुनाव में TVK के शानदार प्रदर्शन के बाद विजय अपने पिता के चेन्नई स्थित घर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद समर्थकों का अभिवादन किया। समर्थकों ने भी विजय का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान विजय ने सीटी मारकर जीत की खुशी जाहिर की। पिता एस.ए. चंद्रशेखर ने मीडिया से कहा, ‘हम बहुत खुश हैं, मैं अपने बेटे से मिला।’
100 से ज्यादा सीटों पर बढ़त:-

2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में वोटों की गिनती के बीच विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ एक मजबूत दावेदार के तौर पर उभर रही है। शुरुआती रुझानों में TVK ने 100 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाई है।
रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह
