अद्भुत साधना: बिजड़पुर दरबार में चारों ओर अग्नि के बीच 12वें दिन भी तपस्या में लीन महंत राजेंद्र पुरी:-

हरियाणा: जग ज्योति दरबार बिजड़पुर में चल रही पंच धूनी अग्नि तपस्या के बारहवें दिन श्रद्धालुओं को भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला। एक ओर आसमान से बरसती भीषण गर्मी और दूसरी ओर चारों तरफ धधकते अग्नि के अंगारे, लेकिन इन कठिन परिस्थितियों के बीच भी महंत श्री राजेंद्र पुरी जी महाराज अटूट संकल्प और पूर्ण श्रद्धा के साथ अग्नि तपस्या में लीन हैं।
दूर-दराज से पहुंच रहे श्रद्धालु:-
इस कठोर साधना को देखने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु दरबार पहुंच रहे हैं। लोग महंत जी की तपस्या को आध्यात्मिक शक्ति तथा मानव सहनशक्ति का अद्भुत उदाहरण मान रहे हैं। दरबार में मौजूद कई श्रद्धालुओं की आंखें उस समय नम हो गईं जब उन्होंने महंत जी को तपती अग्नि के मध्य शांत भाव से साधना करते देखा।
भक्तिमय हुआ वातावरण:-
भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चारण और हवन की दिव्य आभा से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालुओं का कहना है कि यह केवल तपस्या नहीं बल्कि मानव कल्याण, शांति और लोगों की मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए किया जा रहा एक महान आध्यात्मिक अनुष्ठान है।
बढ़ रही आस्था:-
लोगों का विश्वास है कि महंत श्री राजेंद्र पुरी जी महाराज के आशीर्वाद और इस दिव्य तपस्या से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं और मन को अद्भुत शांति प्राप्त होती है। इसी विश्वास के चलते प्रतिदिन दरबार में श्रद्धालुओं की आस्था और भी मजबूत होती जा रही है।
रिपोर्टर – अरविंद मोहन शर्मा
