रक्सौल: महंगाई-बेरोजगारी पर राजद का धरना, सरकार को चेतावनी….

राजद का प्रखंड कार्यालय पर धरना, महंगाई-बेरोजगारी को लेकर सरकार पर साधा निशाना, बड़ा आंदोलन की चेतावनी:-

बिहार: रक्सौल में राष्ट्रीय जनता दल ने मंगलवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित कर राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित इस धरने में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

रक्सौल प्रखंड कार्यालय परिसर मंगलवार को राजनीतिक नारों से गूंज उठा, जब राष्ट्रीय जनता दल के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व राजद प्रखंड अध्यक्ष सौरंजन कुमार यादव ने किया। धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी, क्षेत्र की कानून व्यवस्था तथा किसानों की समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि सरकार आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है और जनहित के मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है। धरने में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली को भी प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं ने कहा कि आम नागरिक आज मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन सरकार का ध्यान जनता की समस्याओं से भटक चुका है।

बाइट – सौरंजन कुमार यादव, प्रखंड अध्यक्ष, राजद:-

“महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से आम जनता परेशान है। सरकार जनता की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। यदि हालात नहीं सुधरे तो राजद आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन करेगा। “धरना-प्रदर्शन में पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया।

इस दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी जनआंदोलनों के लिए तैयार रहने का आह्वान भी किया। फिलहाल राजद के इस धरने के बाद क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि उठाए गए मुद्दों पर सरकार और प्रशासन की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

रिपोर्टर – प्रतिक्षा सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD