बिहार में एसआरपी हॉस्पिटल का भव्य सीएमई सम्मेलन…

रक्सौल: भारत-नेपाल के दिग्गज डॉक्टरों का जुटान, रोबोटिक सर्जरी-कैंसर केयर पर मंथन, एसएसबी जवानों ने किया रक्तदानः-

बिहारः आधुनिक चिकित्सा, मानवता और समाज सेवा का संगम बना एसआरपी मेमोरियल हॉस्पिटल का भव्य सीएमई सम्मेलन। सीमावर्ती शहर रक्सौल एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिकित्सा विमर्श का केंद्र बना, जब एसआरपी मेमोरियल हॉस्पिटल के तत्वावधान में वाई.एस. रिसॉर्ट में भव्य कंटीन्यूइंग मेडिकल एजुकेशन (CME) सम्मेलन का आयोजन किया गया।

इस चिकित्सा महाकुंभ में बिहार, पूर्वी चम्पारण सहित पड़ोसी देश नेपाल के ख्यातिप्राप्त चिकित्सकों, सर्जनों एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लिया और आधुनिक चिकित्सा की नई तकनीकों एवं जटिल बीमारियों के उपचार पर गहन मंथन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ रक्सौल विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा एवं सुगौली विधायक बब्लू गुप्ता सहित चिकित्सा जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। विधायकों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसे अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलन स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देते हैं और स्थानीय मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मानवता की मिसाल: एसएसबी जवानों ने किया रक्तदान:-

विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में मानव सेवा का अनूठा संदेश भी देखने को मिला। 47वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट डॉ. निशिकांत के नेतृत्व में जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। रक्तदान करने वाले जवानों को आयोजकों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समाज सेवा को मिला सम्मान:-

चिकित्सा और सामाजिक सरोकारों के इस संगम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। स्वच्छ रक्सौल संस्था के सक्रिय समाजसेवी रणजीत सिंह को स्वच्छता, जनजागरूकता एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कैंसर उपचार से रोबोटिक सर्जरी तक हुई चर्चा:-

वैज्ञानिक सत्र में देश-विदेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपने शोध एवं अनुभव साझा किए। एसआरपी के निदेशक डॉ. सुजीत कुमार ने कार्सिनोमा स्टमक विषय पर चर्चा की। वहीं डॉ. शेखर केसरी ने “ट्रांसफॉर्मिंग कैंसर केयर इन 2026” विषय पर कैंसर उपचार की बदलती तकनीकों से अवगत कराया। चिकित्सा जगत में तेजी से उभर रही तकनीक रोबोटिक सर्जरी पर डॉ. आर.के. सिंह ने प्रकाश डालते हुए बताया कि आने वाले समय में यह तकनीक जटिल सर्जरी को और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाएगी।

न्यूरो और महिला स्वास्थ्य पर विशेष चर्चा:-

डॉ. अंकुर आनंद ने उत्तर बिहार में न्यूरोसर्जिकल सेवाओं की चुनौतियों एवं संभावनाओं पर प्रस्तुति दी। वहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनाली गुप्ता ने रिकरेंट रिप्रोडक्टिव फेल्योर यानी बार-बार गर्भपात की समस्या एवं उसके उपचार पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। डॉ. संजय कुमार ने लेप्रोस्कोपिक मैनेजमेंट ऑफ कोलेडोकल सिस्ट तथा डॉ. नारायण डालमिया ने दुर्लभ बीमारी ट्राइकोबेजोआर पर अपने अनुभव साझा किए।

दिग्गज चिकित्सकों का सम्मान:-

शाम पांच बजे आयोजित विशेष सम्मान समारोह में आईएमए के संरक्षक डॉ. सहजानंद प्रसाद एवं सचिव डॉ. दिनेश कुमार का अभिनंदन किया गया। सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में भारत और नेपाल के वरिष्ठ चिकित्सकों ने चेयरपर्सन की भूमिका निभाई। इस अवसर पर शिवशक्ति इंडस्ट्रीज के संचालक राजीव गुप्ता एवं संजय गुप्ता सहित डॉ. एस.के. मिश्रा, पवन कुशवाहा, प्रवीण गुप्ता, मो. अली, देवाशीष कुमार एवं अरविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – श्यामल प्रतीक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD