अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, डीसीएम-सियाज से मिला 8 क्विंटल गांजा, 6 गिरफ्तार:-

उत्तर प्रदेश: सोनभद्र पुलिस और एएनटीएफ लखनऊ यूनिट ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त टीम ने रॉबर्ट्सगंज के सुकृत क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 8 क्विंटल 684 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत वाहनों और अन्य सामान समेत करीब एक करोड़ 16 लाख रुपये बताई जा रही है।
जड़ी-बूटी की बोरियों में छिपाकर ला रहे थे गांजा:-
पुलिस के मुताबिक उड़ीसा से एक डीसीएम में जड़ी-बूटी की बोरियों के बीच गांजा छिपाकर लाया जा रहा था। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए आगे-पीछे एक सियाज कार भी लगा रखी थी, जो रेकी कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एएनटीएफ ने घेराबंदी कर डीसीएम और सियाज कार को पकड़ लिया।
6 तस्कर गिरफ्तार, व्हाट्सएप से करते थे संपर्क:-
संयुक्त टीम ने मौके से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि तस्कर व्हाट्सएप के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे और पहचान छिपाने के लिए लगातार मोबाइल नंबर बदलते थे। यह खेप उड़ीसा से लाकर यूपी और आसपास के राज्यों में सप्लाई की जानी थी।
अन्य सदस्यों की तलाश जारी:-
पुलिस ने डीसीएम, सियाज कार और बरामद गांजे को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। एसपी ने टीम को इस बड़ी कार्रवाई के लिए बधाई दी है।
रिपोर्टर – नन्दगोपाल पाण्डेय
