राम मंदिर दान चोरी प्रकरण में श्रीराम सेना ने थाने में दी तहरीर, 24 घंटे में FIR न होने पर काली पट्टी बांधकर विरोध की चेतावनी:-

अयोध्या: राम मंदिर से जुड़े दान चोरी प्रकरण को लेकर श्रीराम सेना ने शुक्रवार को राम जन्मभूमि थाना पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को पत्र सौंपा। सेना ने दोषियों पर FIR दर्ज कर कठोर कार्रवाई और नारको टेस्ट की मांग की। साथ ही 24 घंटे में FIR दर्ज न होने पर काली पट्टी बांधकर विरोध की चेतावनी दी है।
सेवादार पर FIR और नारको टेस्ट की मांग:-
श्रीराम सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश सिंह राम मंदिर से निकलकर सीधे राम जन्मभूमि थाना पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक को पत्र दिया। उन्होंने बताया कि सेवादार अनिल मिश्रा व अन्य दोषियों पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही नारको टेस्ट करवाने की मांग की, जिससे करोड़ों राम भक्तों की आस्था राम मंदिर के प्रति बनी रहे।
अखिलेश यादव पर सीधा निशाना:-
दिनेश सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि जो इंसान अपनी धर्मपत्नी के लिए एक दो टके के मौलवी के सामने मस्जिद जाकर नतमस्तक हो गए, आज वह राम मंदिर को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता मुलायम सिंह यादव ने लाखों कार सेवकों पर गोली चलवाई थी।
दिनेश सिंह ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इनको राम जी को बदनाम करने के सिवा कोई काम नहीं है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो जमा मस्जिद के खिलाफ एक शब्द बोलकर दिखाएं।
24 घंटे में FIR नहीं तो होगा विरोध:-
शिक्षक प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष अशोक मिश्रा ने कहा कि 24 घंटे में यदि FIR दर्ज नहीं होती है तो हाथों में काली पट्टी बांधकर अन्न का त्याग तब तक किया जाएगा जब तक FIR दर्ज नहीं हो जाती। उन्होंने पूरे देशवासियों से निवेदन किया कि वह अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर सोशल मीडिया के माध्यम से विरोध दर्ज करें।
रिपोर्टर – अभिषेक सिंह
