रायपुर ग्रामीण: तिल्दा-नेवरा पुलिस की कार्रवाई, हनुमान मंदिर के पास चाकू दिखाने वाला युवक जेल भेजा गया:-

छत्तीसगढ़: तिल्दा-नेवरा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने धारदार चाकू भी बरामद किया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई:-
पुलिस के अनुसार, 05 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दिनदयाल चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास एक युवक चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
आरोपी धमतरी का रहने वाला:-
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा भारती, उम्र 19 वर्ष, पिता घनश्याम भारती के रूप में हुई है। उसका स्थायी निवास कुरूद थाना क्षेत्र, जिला धमतरी है। फिलहाल वह रायपुर जिले के बैरनबाजार क्षेत्र में रह रहा था।
आर्म्स एक्ट में केस दर्ज:-
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जांच जारी:-
तिल्दा-नेवरा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी का किसी आपराधिक गिरोह से संबंध तो नहीं है या वह पहले भी इस प्रकार की घटनाओं में शामिल रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह का माहौल बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर – श्रीराम चौहान
