यूट्यूबर हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़, 25-25 हजार के 3 इनामी बदमाशों के पैर में लगी गोली; 4 गिरफ्तार:-

उत्तर प्रदेश: एसओजी टीम, थाना कोतवाली नगर व थाना सासनी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यूट्यूबर वेदप्रकाश शर्मा की हत्या में शामिल 25-25 हजार के इनामी तीन आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। जवाबी फायरिंग में तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है। कॉबिंग के दौरान एक अन्य आरोपी भी पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 01 स्विफ्ट गाड़ी, 04 तमंचे, 06 जिंदा व 04 खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।
मकान हड़पने को की थी हत्या:-
दिनांक 07.04.2026 को मृतक की बहन नीतू शर्मा निवासी आगरा ने तहरीर दी थी कि आरोपियों ने मकान हड़पने की नीयत से 06.04.2026 की रात उसके भाई वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू की हत्या कर दी। मामला पहले थाना सहपऊ में दर्ज हुआ, बाद में घटनास्थल कोतवाली क्षेत्र होने पर केस कोतवाली नगर ट्रांसफर कर दिया गया।
सुसायत कलां मोड़ पर हुई मुठभेड़:-

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। 05.05.2026 को एसओजी प्रभारी धीरज गौतम, कोतवाली प्रभारी सतेन्द्र राघव व सासनी थाना प्रभारी विपिन चौधरी को सूचना मिली कि हत्याकांड के 04 आरोपी भागने की फिराक में हैं। सुसायत कलां मोड़ के पास घेराबंदी पर आरोपियों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में 25-25 हजार के इनामी विवेक उर्फ छोटू उर्फ सूरज निवासी खमानी गढ़ी सादाबाद, विशाल शर्मा निवासी रामलीला ग्राउंड वाली गली कोतवाली नगर और मौनिस कांत शर्मा निवासी चित्रकूट बगीची आगरा रोड के पैर में गोली लगी। तीनों को जिला अस्पताल भेजा गया।
चौथा आरोपी कॉबिंग में पकड़ा:-
कॉबिंग के दौरान मोनू कुशवाह निवासी मुकुंदपुर विसावर सादाबाद को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में 04 तमंचे 315 बोर, 06 जिंदा व 04 खोखा कारतूस और एक स्विफ्ट गाड़ी बरामद हुई।
अब तक 13 आरोपी पहुंचे जेल:-

हाथरस पुलिस इस हत्याकांड में अब तक 06 आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद और 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। 02 आरोपियों ने दिल्ली में सरेंडर किया है। पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर – मनोज कुमार शर्मा
