रायपुर गोलीकांड: जीजा ने लाइसेंसी पिस्टल से दो सालियों को भूना…

गोलीकांड: बच्चों से मिलने नहीं देने पर जीजा ने लाइसेंसी पिस्टल से दो सालियों को मारी गोली, दोनों की मौत:-

छत्तीसगढ़: राजधानी रायपुर के मोवा-पंडरी इलाके में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अपनी दो सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में दोनों युवतियों की मौत हो गई।

मौके पर एक की मौत, दूसरी ने अस्पताल में तोड़ा दम:-

मृतकों की पहचान गीतांजलि और दुर्गेश्वरी के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद गीतांजलि की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दुर्गेश्वरी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

बच्चों से मिलने को लेकर हुआ था विवाद:-

पुलिस के मुताबिक आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि वह अपने बच्चों से मिलने नहीं दिए जाने से नाराज था। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर आरोपी ने घर में मौजूद दोनों सालियों पर करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दोनों युवतियां गिर पड़ीं।

आरोपी ने थाने में किया सरेंडर:-

मामला मोवा थाना क्षेत्र का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और कमिश्नरेट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी के पास से लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर ली है। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।

नशे में था आरोपी:-

डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था। यह पूरी वारदात पारिवारिक विवाद का परिणाम है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

रिपोर्टर – श्रीराम चौहान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Website Design By CMN Media PVT LTD