सिकन्द्राराऊ: ननिहाल जा रही महिला के बैग से गायब हुए गहने, पुलिस ने 72 घंटे में किया केस वर्कआउट:-

हाथरस: थाना सिकन्द्राराऊ पुलिस ने ई-रिक्शा में महिला का बैग काटकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की 3 पेंडल, 1 अंगूठी और 16,000 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
29 अप्रैल को हुई थी वारदात:-
दिनांक 02.05.2026 को वादिया श्रीमती सुनीता देवी पत्नी विजेन्द्र निवासी गढ़ी धर्मी ने थाना सिकन्द्राराऊ में तहरीर दी थी। सुनीता देवी ने बताया कि 29 अप्रैल को वह अपनी पुत्री के साथ पंन्त चौराहे से ई-रिक्शा पकड़कर ननिहाल नगला विजन जा रही थी। वहां पहुंचने पर बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। तहरीर के आधार पर थाना सिकन्द्राराऊ में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
SP के निर्देशन में खुलासा:-
पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा व क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राराऊ के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी शिव कुमार शर्मा की टीम गठित की गई। टीम ने ग्राउंड इंटेलिजेंस, टेक्निकल साक्ष्य और अन्य सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी ओम प्रकाश पुत्र राजपाल सिंह निवासी हिनौना, जनपद एटा को गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी और साले के साथ मिलकर की थी चोरी:-
पूछताछ में आरोपी ओमप्रकाश ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 29 अप्रैल को वह अपनी पत्नी विमला देवी और ममेरे भाई राहुल के साथ स्पलेंडर मोटरसाइकिल से जलेसर से महिला का पीछा कर रहा था। जब महिला जलेसर अड्डे, सिकन्द्राराऊ पर उतरकर ई-रिक्शा में बैठी तो उसकी पत्नी और ममेरा भाई भी उसी में बैठ गए। रास्ते में विमला देवी ने महिला को बातों में उलझाकर बैग की जेब काट ली और आभूषण व पैसे चोरी कर लिए।
बरामदगी:-
पुलिस ने आरोपी की निशादेही पर चोरी की 3 पेंडल, 1 अंगूठी पीली धातु और 16,000 रुपये नगद बरामद किए हैं। थाना सिकन्द्राराऊ पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार पत्नी व ममेरे भाई की तलाश में जुटी है।
रिपोर्टर – मनोज कुमार शर्मा
